*पंचायतीराज आम चुनाव 2026*
*संभागीय आयुक्त एवं अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण*
*स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
नागौर,28 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिले में द्वितीय चरण के जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए बुधवार को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ एवं अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि ने डोडियाना, पादू खुर्द, लाम्पोलाई, कलरू, गोटन, लाम्बाजाटान एवं डांगावास स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन का अवलोकन किया।
*मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का किया अवलोकन*
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रखने तथा निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
*मतदाता सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश*
संभागीय आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर जोर दिया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि वे सुगमता से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
*सुव्यवस्थित मतदान एवं प्रभावी निगरानी पर जोर*
संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन व्यवस्थाओं के प्रति सजग रहने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




