*नागौर में नगर निकाय चुनाव का द्वितीय चरण शांतिपूर्ण संपन्न*
*83.09 प्रतिशत रहा कुल मतदान*
नागौर : 11 सितंबर 2026 : नगर निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण में नागौर जिले की चार नगरीय निकायों में शुक्रवार, 11 सितंबर को मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हुआ। मतदान के दौरान मतदाताओं में उत्साह देखा गया तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से किए गए व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत इंतजामों के बीच मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हुई।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी राम रतन सोकरिया ने बताया कि नगरपालिका मेड़ता सिटी के 40 वार्डों में कुल 35,954 मतदाता पंजीकृत है, जिनमें से कुल 29,631 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार मेड़ता सिटी में कुल 82.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सोकरिया ने बताया कि नगरपालिका डेगाना के 25 वार्डों में कुल 16,362 मतदाता है, जिनमें से कुल 13,571 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल 82.94 प्रतिशत मतदान हुआ।
उन्होंने बताया कि नगरपालिका मेड़ता रोड के 25 वार्डों में कुल 15,367 मतदाता है, जिनमें से 12,920 मतदाताओं ने मतदान किया, इस प्रकार मेड़ता रोड में कुल 84.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरपालिका रियाबड़ी के 20 वार्डों में कुल 10,749 मतदाता पंजीकृत है, जिनमें से 9,045 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रियाबड़ी में कुल 84.15 प्रतिशत मतदान हुआ।
इस प्रकार द्वितीय चरण में नागौर जिले की चार नगरीय निकायों में कुल 78,432 मतदाता पंजीकृत है, जिनमें से 65,167 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और द्वितीय चरण में कुल मतदान का प्रतिशत 83.09 रहा ।
नगर निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरणों का मतदान जिलेभर में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हुआ।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी राम रतन सोकरिया ने बताया कि मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान केंद्रों पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया ।
