*अभियान में करवाएं समस्याओं का समाधान-खुड़खुड़िया*
*लोक उपयोगी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान अभियान में*
*नागौर मुख्यालय पर जन-जागरूकता शिविर* नागौर, 13 दिसम्बर, 2025// स्थायी लोक अदालत मेड़ता के सदस्य बलवीर खुड़खुड़िया ने कहा कि जन उपयोगी सेवाओं से सम्बन्धित समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए स्थायी लोक अदालत सबसे उपयुक्त न्यायिक मंच है, जहां से आमजन अपनी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करवा सकता है। खुड़खुड़िया शनिवार को नागौर मुख्यालय स्थित श्रीमती माडीबाई मिर्धा राजकीय कन्या महाविद्यालय में न्याय आपके द्वार अभियान के तहत आयोजित जन जागरूकता शिविर में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के 30 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनउपयोगी सेवाओं से सम्बन्धित समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से 10 नवम्बर, 2025 से 10 फरवरी, 2026 तक "न्याय आपके द्वार- लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ और त्वरित समाधान" राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आमजन अपनी जनउपयोगी सेवाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर, संलग्न दस्तावेज के साथ आवेदन-पत्र को रालसा के व्हाट्सएप नंबर 9119365734 पर भेज सकते हैं। *जन उपयोगी सेवाओं से सम्बन्धित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण* खुड़खुड़िया ने बताया कि अभियान के तहत जिला एवं सेशन न्यायाधीश मेड़ता अरूण कुमार बेरीवाल, स्थायी लोक अदालत मेड़ता के अध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव स्वाति शर्मा के निर्देशन में पूरे जिले में विधिक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें अभियान की जानकारी दी जा रही है। अभियान के तहत जनउपयोगी सेवाओं जैसे बैंकिंग और वित्तीय सेवा, बीमा सेवा, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, जल आपूर्ति, आवास एवं भू संपदा, डाक एवं टेलीफोन सेवा, नगर निकाय, शैक्षिक/शैक्षणिक सेवाओं एवं परिवहन सेवा से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। इन सेवाओं से सम्बन्धित किसी भी उपक्रम के कर्तव्य पालन में असफल होने पर स्थायी लोक अदालत न्याय का सरल एवं सस्ता उपाय है। कॉलेज की सहायक आचार्य प्रोफेसर माया जाखड़ ने रालसा के अभियान को सराहते हुए कहा कि यह पहला अभियान है जिसमें सुलभ न्याय और सुनिश्चित समाधान की परिकल्पना की गई है। शिविर में कविता भाटी, अनुराधा छंगाणी, शमशाद अंसारी, महिमा नांगल
व प्रयोगशाला सहायक नंदिनी स्वामी ने स्थायी लोक अदालत में प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जाना। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता की ओर से तैयार करवाए गए पंपलेट व आवेदन प्रारूप का वितरण किया गया।

