*जिला कलक्टर ने ग्रामीण विकास कार्यों का किया निरीक्षण*
*कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने जल संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण विकास कार्यों का किया व्यापक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
नागौर : 02 जून 2026 : जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने मंगलवार को नागौर उपखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर जल संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि नवाचार, ग्रामीण विकास तथा पीएम कुसुम परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आमजन से जनभागीदारी के साथ विकास कार्यों को सफल बनाने को कहा ।
कलेक्टर कुमार के दौरे की शुरुआत धुंधवालों की ढाणी स्थित कानोलाव तालाब पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत आयोजित कार्यक्रम से हुई। यहां सरोवर पूजन, श्रमदान और पौधरोपण के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया। जिला कलेक्टर ने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा जल के दुरुपयोग को रोकने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके पश्चात कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने धुंधवालों की ढाणी की नर्सरी तथा अलाय में जल संरक्षण एवं वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अलाय स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लेबर रूम, ओपीडी, आईपीडी, लैब और दवा वितरण केंद्र का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वयं रक्तचाप और शुगर की जांच भी करवाई तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण और एनसीडी स्क्रीनिंग की प्रगति की जानकारी ली।
जिला कलेक्टर ने ग्राम कालड़ी में प्रगतिशील किसान अशोक जांगू के उन्नत अनार फार्म का निरीक्षण कर कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए । यहां उन्होंने भामाशाहों द्वारा निर्मित पेयजल प्याऊ का भी अवलोकन किया ।
इसके बाद कलेक्टर कुमार ने ग्राम सींगड़ में ग्राम पंचायत कार्यालय, तालाब तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाभार्थी के नव निर्मित आवास का निरीक्षण किया, साथ ही उन्होंने तालाब की नियमित सफाई और पूर्व में लगाए गए पौधों के संरक्षण के निर्देश दिए ।
दौरे के दौरान जिला कलेक्टर ने बासनी के सबरी तालाब एवं मियावाकी पद्धति से विकसित सघन पौधारोपण क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्राम कुमारी में पीएम-कुसुम योजना के तहत स्थापित 1.76 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट का अवलोकन कर इसके सुचारू संचालन के निर्देश दिए ।
दौरे के दौरान नागौर उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


