भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए ‘परिन्डे लगाओ अभियान’
नागौर। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान को देखते हुए पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के उद्देश्य से ‘परिन्डे लगाओ अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं संस्थानों में पक्षियों के लिए परिन्डे लगाकर नियमित दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का संदेश दिया जा रहा है।
यह अभियान जिला प्रशासन नागौर के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड, नागौर की ओर से सक्रिय सहभागिता निभाई जा रही है। इसी क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गिन्नाणी, नागौर में भी परिन्डे लगाकर पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
सीओ गाइड ज्योति रानी महात्मा ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना मानवीय संवेदनाओं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर परिन्डे लगाकर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करनी चाहिए।
प्रधानाचार्य किशोरचन्द अम्बानी ने कहा कि विद्यालय स्तर पर ऐसे अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं। वहीं, गाइड संयुक्त सचिव इंदिरा बिश्नोई ने बताया कि राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड द्वारा सेवा कार्यों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और ‘परिन्डे लगाओ अभियान’ इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
अभियान में राजू जोशी, इलाही बख्श (पप्पू पेन्टर), पेंटर प्रेमजी सांखला, ललिता मैडम, समरीन सिद्र, निर्मला बिश्नोई सहित स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों एवं विद्यालय परिवार ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए परिन्डे लगाए तथा आमजन को गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए दाना-पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रशासन नागौर एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड की इस पहल को सराहना मिल रही है। अभियान के माध्यम से ‘एक परिन्डा – अनेक जीवन’ का संदेश देकर पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक स्थानों पर परिन्डे लगाने और पक्षियों के संरक्षण के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


