*जिला सहकार समिति की बैठक*
*समृद्धि अभियान को मिशन मोड में लागू करें, राजीविका समूहों को 5 करोड़ रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य : कलेक्टर देवेंद्र कुमार*
नागौर : 05 जून 2026 : भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना “सहकार से समृद्धि” के अंतर्गत जिले में अभियान को मिशन मोड में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में सहकारिता, बैंकिंग तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से आमजन तक विकास का लाभ पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर कुमार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों तथा किसानों को सहकारी ढांचे से जोड़ना सुनिश्चित करने को कहा । जिला कलेक्टर ने राजीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाकर महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए ।
कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियों तथा अन्य प्राथमिक सहकारी समितियों को नाबार्ड के सहयोग से माइक्रो-एटीएम उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को गांव स्तर पर ही जमा, निकासी और अन्य बैंकिंग सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने जिले की सहकारी समितियों, डेयरी संस्थाओं तथा कृषि उपज मंडी समितियों के लेन-देन संबंधी खातों को नागौर केंद्रीय सहकारी बैंक से जोड़ने और आवश्यकतानुसार खाते खोलने अथवा स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश भी दिए ।
बैठक में पात्र दुग्ध उत्पादक किसानों को रूपे किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने, उन्हें कार्यशील पूंजी की बेहतर सुविधा दिलाने तथा सहकारी संस्थाओं के माध्यम से कृषि एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी सहमति बनी। कलेक्टर कुमार ने अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी के लिए जिला, क्लस्टर एवं ब्लॉक स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा व्यवस्था विकसित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच संयुक्त कार्यशालाओं का आयोजन कर व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाते हुए सहकारिता के लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए जाएं, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सके।
बैठक में जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार तथा सभी उपस्थित अधिकारियों द्वारा "सहकारिता में सहकार" के राष्ट्रीयव्यापी अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया ।

