*कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने ली विभागीय योजनाओं, बजट घोषणाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश*
नागौर : 8 जून 2026 : जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों तथा जन शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं की विभागवार प्रगति पर चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*बजट घोषणाओं को पूर्ण करने के निर्देश*
कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं की समीक्षा के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए रेलवे अंडरब्रिज, रेलवे ओवरब्रिज और सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर कुमार द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत जिला विकास वार्षिक योजना 2026-27 के अनुमोदन, क्रियान्वयन, संपादन, पर्यवेक्षण, उपलब्ध धनराशि के त्वरित उपयोग, गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के सृजन एवं नियंत्रण से संबंधित समस्त कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि तथा अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (एडीपीसी) के माध्यम से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल), नगर परिषद तथा विभिन्न नगरपालिकाओं द्वारा संचालित विकास एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने सीएमआईएस पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय से संबंधित लंबित प्रकरणों, संपर्क पोर्टल तथा सीपीग्राम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और परिवादों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
*पांच गौरव की करी समीक्षा*
जिला कलक्टर ने पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों, चालू वित्तीय वर्ष में प्राप्त प्रस्तावों तथा स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष में पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत व्यय की गई राशि तथा जारी विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*हरियालु राजस्थान को पूर्ण सफल बनाने के निर्देश*
कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत किए जा रहे पौधारोपण कार्यों तथा सभी विभागों को आवंटित पौधारोपण लक्ष्यों की समीक्षा करी, उन्होंने प्रत्येक विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना के लक्ष्यों एवं प्रगति, विभागीय फ्लैगशिप योजनाओं, अटल ज्ञान केंद्रों की स्थापना तथा मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने, नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने तथा विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

