*"ट्री ग्रुप का निशुल्क स्वास्थ्य मेला : 223 लोगों की जांच, शुगर-BP की जाँच निशुल्क "*
जयपुर। ट्री ग्रुप सामाजिक विकास संस्था द्वारा रविवार 14 जून को प्रातः 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परशुराम पार्क, सुभाष कॉलोनी, शास्त्री नगर में निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप लगाया गया।
संस्था अध्यक्ष कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि कैंप में कुल 223 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचें करवाईं। इसमें 55 लोगों की नेत्र जांच, 35 लोगों का दंत परीक्षण, 43 लोगों का होम्योपैथी परामर्श व दवा वितरण हुआ। आयुर्वेद चिकित्सक मुकेश शर्मा ने 27 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। 63 लोगों ने शुगर टेस्ट करवाया और सभी के बीपी की जांच की गई।
कैंप को सफल बनाने में शंकरा आई हॉस्पिटल, श्री कृष्ण कृपा मल्टी डेंटल लैब, मणिपाल हॉस्पिटल, मुकेश वेलनेस सेंटर व श्री राधा कृष्ण होम्योपैथी सेंटर का सहयोग रहा। सभी संस्थाओं ने अपनी-अपनी विशेषज्ञ टीमों के साथ निशुल्क सेवाएं प्रदान कीं।
कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी ऐसे कैंप लगाकर समाज सेवा का कार्य जारी रखा जाएगा।



