भदाणा उपस्वास्थ्य केंद्र पर नि:शुल्क टीबी जांच शिविर, 232 लोगों की स्क्रीनिंग
नागौर। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चल रहे 100 दिवसीय अभियान के तहत शुक्रवार को नागौर खंड के उप स्वास्थ्य केंद्र भदाणा में नि:शुल्क टीबी जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
शिविर में कुल 232 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 100 लोगों के एक्स-रे भी किए गए। इसके साथ ही लाभार्थियों का बीपी, शुगर एवं हीमोग्लोबिन परीक्षण भी किया गया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. श्रवण राव ने शिविर का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है तथा इसका नि:शुल्क उपचार डोट्स पद्धति के माध्यम से किया जाता है। उन्होंने रोगियों को नियमित दवा लेने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।
ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर कैलाश भाकल ने बताया कि शिविर में विशेष रूप से संवेदनशील वर्गों (Vulnerable Population) पर ध्यान दिया गया, जिसमें पीएलएचआईवी, कैंसर रोगी, मधुमेह व उच्च रक्तचाप के मरीज, 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, खनन श्रमिक, ईंट-भट्टा एवं पत्थर कार्य से जुड़े मजदूर, शहरी झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र के लोग, पूर्व टीबी रोगी एवं उनके संपर्क में आए लोग शामिल रहे।
जिला मुख्यालय से आई टीम द्वारा हैंड-हेल्ड मशीन के माध्यम से एक्स-रे जांच भी की गई।
शिविर में डोट्स प्लस सुपरवाइजर सुनील हर्ष, सहायक रेडियोग्राफर देवाशीष आचार्य, ममता एनजीओ के देवकिशन सांखला एवं हर्षित कुमावत सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप स्वास्थ्य केंद्र भदाणा में कार्यरत एएनएम गुरजीत कौर ने “निक्षय मित्र” बनकर एक टीबी मरीज को निक्षय पोषण योजना के तहत पोषण किट भी प्रदान की।


